मजदूर की बाइक पर चोरों का हाथ साफ, रात के अंधेरे में घर के बाहर से स्पलेंडर चोरी

लालकुआं, कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। मोतीनगर, बरेली रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे किराए के मकान में रहने वाले एक मजदूर की बाइक अज्ञात चोर रात के अंधेरे में उड़ा ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर बाइक बरामद करने और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वही पीड़ित सुनील कुमार पुत्र चंद्रपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मोतीनगर में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है। 10 अगस्त की रात करीब साढ़े 11 बजे खाना खाने के बाद वह घर के अंदर सो गया। इस दौरान उसकी हीरो स्पलेंडर बाइक घर के बाहर खड़ी थी।
सुबह जब उसकी आंख खुली तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चला। पीड़ित के अनुसार अज्ञात चोर रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर उसकी बाइक चोरी कर ले गए। मजदूर के लिए बाइक रोजमर्रा के आवागमन के साथ रोजी-रोटी का भी अहम साधन थी।
पीड़ित ने 12 अगस्त को कोतवाली लालकुआं में लिखित तहरीर देकर पुलिस से बाइक बरामद करने और मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई। तहरीर के साथ वाहन के दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।
चोरी हुई बाइक का विवरण: हीरो स्पलेंडर, पंजीकरण संख्या यूपी 26 एवी 2959।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
वहीं हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। पुलिस चोरों की पहचान और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक चोरों तक पहुंचकर मजदूर की बाइक बरामद करती है।



